अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) का सफर 2030-31 तक खत्म होने वाला है। इसके बाद रूस और भारत ने भविष्य के अपने अंतरिक्ष स्टेशनों को एक ही कक्षा में रखने का फैसला किया है। यह घोषणा रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के प्रमुख दमित्री बकानोव ने नई दिल्ली दौरे के दौरान की है। वह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ आए थे। दोनों स्टेशन 51.6 डिग्री झुकाव वाली कक्षा (इनक्लाइनेशन ऑर्बिट) में चक्कर लगाएंगे। यह वही कक्षा है, जिसमें आज आईएसएस घूमता है। इससे दोनों देशों के अंतरिक्ष यात्री आसानी से एक-दूसरे के स्टेशन पर जा सकेंगे, वैज्ञानिक प्रयोग कर सकेंगे, आपात स्थिति में मदद ले सकेंगे। बकानोव ने कहा कि यह फैसला दोनों देशों के लिए आपसी लाभ वाला होगा। इससे पहले रूस अपने रशियन ऑर्बिटल स्टेशन (आरओएस) के लिए 96 डिग्री झुकाव वाली कक्षा सोच रहा था, लेकिन अब 51.6 डिग्री पर सहमति बनी है।
बता दें कि रूस का आरओएस रशियन स्पेस सेंटर एनर्जिया द्वारा विकसित होगा। यह स्टेशन गहरे अंतरिक्ष में अंतरिक्ष यान बनाने और लांच करने का आधार बनेगा। इसका मॉड्यूलर डिजाइन इसे लंबे समय तक काम करने लायक बनाएगा। भारत का बीएएस को निर्माण भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा 2035 तक पूरा करने की योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे स्वतंत्रता के 100वें साल (2047) से पहले चंद्रयान-3 जैसी सफलताओं के बाद घोषित किया था। विशेषज्ञों का कहना है कि यह समझौता रूस को आईएसएस के बाद नई साझेदारी देगा, जबकि भारत को अमरीका-चीन के बीच संतुलन बनाने में मदद मिलेगी। अगर सब ठीक रहा, तो 2030 के दशक में अंतरिक्ष में रूसो-भारतीय कॉरिडोर बनेगा।
दोनों देशों के लिए फायदे की बात
51.6 डिग्री झुकाव आईएसएस जैसी है, जो पृथ्वी के 51.6 डिग्री उत्तर-दक्षिण अक्षांश को कवर करती है। इससे रूस के सोयूज रॉकेट और भारत के गगनयान मिशन आसानी से डॉकिंग कर सकेंगे। रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के प्रमुख दमित्री बकानोव ने कहा कि हम समानांतर पथ पर चल रहे हैं। आरओएस के लिए 51.6 डिग्री झुकाव तय हो गया है। भारत भी अपने स्टेशन के लिए यही सोच रहा है। बकानोव ने एक इंटरव्यू में बताया कि सहयोग के क्षेत्रों में इंजन निर्माण, मानवयुक्त उड़ानें, प्रशिक्षण, रॉकेट ईंधन और राष्ट्रीय स्टेशनों का विकास शामिल है। संयुक्त प्रयोगों से चंद्रमा, मंगल और एस्टेरॉयड मिशनों में मदद मिलेगी।
Reviewed by SBR
on
December 08, 2025
Rating:


No comments:
Welcome TO SBR Group