![]() |
| सोलन में 3 प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट | 24Live Khabar |
सोलन | 24Live Khabar
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में शुक्रवार को ई-मेल के जरिए तीन महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित परिसरों को खाली कराया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
धमकी मिलने वाले स्थानों में सोलन नगर निगम कार्यालय, डगशाई स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और कसौली तहसील कार्यालय शामिल हैं। शिमला से बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया, जिसने तीनों स्थानों की गहन जांच की। प्रारंभिक जांच में किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला।
एएसपी राजकुमार चंदेल Rajkumar Chandel ने बताया कि ई-मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीमों को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा के मद्देनज़र संबंधित परिसरों को खाली करवाया गया और हर कमरे की बारीकी से तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह का भी उल्लेख किया गया है। ई-मेल में स्कूलों में "वंदे मातरम्" गाने को लेकर धमकी दी गई तथा खालिस्तान समर्थक नारे लगाने की बात लिखी गई है। साथ ही 15 अगस्त के आसपास विशेष रूप से स्कूलों में विस्फोट करने की धमकी भी दी गई। बताया जा रहा है कि ई-मेल अंग्रेज़ी में लिखा गया था, लेकिन उसकी भाषा-शैली पंजाबी प्रभाव वाली थी।
फिलहाल पुलिस साइबर माध्यम से ई-मेल के स्रोत की जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
मुख्य बिंदु:
- ई-मेल से तीन स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी।
- नगर निगम सोलन, आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई और कसौली तहसील कार्यालय निशाने पर।
- बम निरोधक दस्ते ने व्यापक तलाशी ली, कोई विस्फोटक नहीं मिला।
- पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट, साइबर जांच जारी।
- 15 अगस्त को लेकर भी धमकी का उल्लेख, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।
Reviewed by SBR
on
जुलाई 31, 2026
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: