नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने NEET PG 2026 परीक्षा की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी, निष्पक्ष और आधुनिक तकनीक के माध्यम से सुचारू रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। यह परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देशभर में आयोजित होगी।
समीक्षा बैठक के दौरान श्री नड्डा ने राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS), तकनीकी भागीदारों और परीक्षा संचालन से जुड़े अन्य हितधारकों की तैयारियों का आकलन किया। उन्हें परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा प्रबंधन तथा तकनीक आधारित नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और उम्मीदवारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए सुरक्षित और परेशानी मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और केवल NBEMS तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
श्री नड्डा ने बताया कि प्रश्नपत्र को परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले अत्यंत सुरक्षित, एन्क्रिप्टेड और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत अंतिम रूप दिया जाता है। इसमें कई स्तरों की तकनीकी और परिचालन सुरक्षा लागू रहती है, जिससे परीक्षा शुरू होने तक प्रश्नपत्र की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहती है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, NEET PG 2026 के लिए 2,73,183 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है। परीक्षा देश के लगभग 340 शहरों में स्थित 1,300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में आयोजित की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं: